KORBA BREAKING : कुसमुंडा खदान में 20 फीट की ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत

कोरबा, ,16 नवंबर । जिले के कुसमुंडा खदान में मंगलवार शाम हुए हादसे में एक ठेका मजदूर की जान चली गई। खदान में समानता कंपनी के बनाए बंकर में 20 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर मजदूर पुताई का काम कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वो वहां से सीधे जमीन पर गिर गया। मृतक का नाम महावीर सिंह कंवर (33 वर्ष) था, जो चुनचुनी बस्ती का रहने वाला था।

महावीर सिंह कंवर जब ऊंचाई से गिरा, तब उसकी सांसें चल रही थीं। गंभीर रूप से घायल मजदूर को वहां मौजूद अन्य कर्मचारी जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ने काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट भी पहन रखा था, इसके बाद भी वो इतनी ऊंचाई से नीचे कैसे गिर गया, इसकी जांच की जा रही है। घटना की सूचना कुसमुंडा पुलिस को दे दी गई है।

कुसमुंडा थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिवार वालों से भी बात की जा रही है।