BREAKING NEWS : भोपाल में अग्निवीर भर्ती के दौरान 2 भाइयों की मौत, कारण अज्ञात, दौड़ते समय हुए थे दोनों बेहोश

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले 2 भाइयों की मौत सेना भर्ती के लिए दौड़ लगाने के बाद एक ही तरीके से हो गई। एक हफ्ते के अंदर दोनों भाइयों की मौत हुई है। दोनों ही भाइयों को बचपन से ही आर्मी में भर्ती होने का बहुत जुनून था। इसके लिए वह काफी दिनों से तैयारियां भी कर रहे थे। दोनों भाइयों के नाम रूपेंद्र और अंकित बताया जा रहा है। 

दरअसल भोपाल में अग्निवीरों की भर्ती में हिस्सा लेने रूपेंद्र 29 अक्टूबर को भोपाल पहुंचा। यहां वो दौड़ प्रतियोगिता में शामिल भी हुआ, लेकिन दौड़ के बाद वो बेहोश हो गया। जिसके बाद तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। लेकिन उसके परिजन उसे लेकर बैतूल लेकर आ गए और यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान रूपेंद्र ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि जिस दौरान रूपेंद्र अस्पताल में भर्ती था तभी अंकित भी सेना में भर्ती रैली में शामिल होने भोपाल पहुंचा था। यहां भर्ती के दौरान दौड़ प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद उसकी भी वैसी ही तबीयत बिगड़ी जैसी बड़े भाई रूपेंद्र की बिगड़ी थी। परिजन उसे भी लेकर बैतूल पहुंचे और निजी अस्पताल में भर्ती किया। लेकिन अंकित ने भी दम तोड़ दिया।

वहीं दोनों भाइयों की एक जैसी परिस्थितियों में हुई मौत से घरवाले हैरान हैं। बैतूल में हुई रूपेंद्र की मौत के बाद डॉक्टर भी समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उसकी मौत की वजह क्या है। रूपेंद्र का इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं। और उसके लीवर में भी सूजन थी, और फेफड़ों में पानी भरने लगा था।

हालांकि दोनों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया जिसकी वजह से उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। फिलहाल जो सैंपल लिए गए हैं उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ साफ हो पाएगा।