भारत आज जीवंत नेतृत्व की बदौलत विश्‍व के लिए विकास का एक प्रकाश स्तंभ: चंद्रशेखर

नई दिल्ली ,09 नवंबर। केन्‍द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि भारत आज विश्‍व के लिए विकास का एक प्रकाश स्तंभ है, जो एक जीवंत नेतृत्व और साहसिक सुधारों से संभव हुआ है, जिसने शीर्ष स्‍तर पर एक निष्‍क्रिय लोकतंत्र होने की भारत की पहले की धारणा को बदल दिया है। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में शनिवार को विश्व सद्भावना कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा, भारत अब एक बदलाव के मोड़ पर है। हम आज जहां हैं, वहां से अमृत काल के आने वाले 25 वर्षों में भारत केवल आगे ही बढ़ सकता है और यह उसकी विकास यात्रा का स्वाभाविक अगला पड़ाव होगा।

यह भी पढ़े :-भारत ऊर्जा के स्वच्छ और हरित स्रोतों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध : भूपेन्द्र यादव

इस बात की पुष्टि करते हुए कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व, व्यापक सुधारों और डिजिटल इंडिया, स्किल्स इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया आदि जैसे सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों की सफलता ने भारत के पहले के एक निष्क्रिय लोकतंत्र होने की धारणा को बदल दिया है, चंद्रशेखर ने कहा कि भारत आज एक ऐसे देश का ‘जीवित और गतिशील उदाहरण’ है जो न केवल बहुलवादी, धर्मनिरपेक्ष और विविधतापूर्ण है बल्कि आर्थिक विकास, नवोन्‍मेषण, विकास और समृद्धि का भी प्रतीक है। कार्यक्रम में, जहां बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी मौजूद थे, चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के 20 वर्षों के नेतृत्व के प्रभाव के बारे में दो पुस्तकों ‘मोदी@20: ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ और ‘हार्टफेल्ट: द लिगेसी ऑफ फेथ’ का भी विमोचन किया। कार्यक्रम का आयोजन एनआईडी फाउंडेशन द्वारा किया गया था।