बदमाशों ने बार में बरसाई गोलियां, 12 घायल…

नई दिल्ली/फिलाडेल्फिया ,06 नवंबर। अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन और एलेघेनी इलाके स्थित एक बार में कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि अभी अमेरिकी पुलिस ने घटना की विस्तृत जानकारी नहीं दी है।



अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की खबरें सामने आ रही हैं। पिछले महीने 13 अक्तूबर को दक्षिणी अमेरिकी राज्य उत्तरी कैरोलिना से भी ऐसी ही खबर सामने आई थीं। जानकारी के मुताबिक, शाम पांच बजे के बाद यहां के एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी हुई, जिसमें एक ऑफ-ड्यूटी पुलिसकर्मी सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दुख भी जताया था।



वहीं इससे पहले फ्लोरिडा के टाम्पा शहर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह घायल हो गए। गोलीबारी स्थानीय समयानुसार नौ अक्टूबर को सुबह करीब तीन बजे हुई थी।