पुराने विवाद ने पकड़ा तूल, महिला कमांडो टीम के सामने हंगामा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

पुराने विवाद ने पकड़ा तूल, महिला कमांडो टीम के सामने हंगामा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोरा में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और महिला कमांडो टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम के सामने बहसबाजी और हंगामा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को ग्राम अमोरा में पुराने विवाद के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए महिला कमांडो टीम और पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में भी विवाद शांत नहीं हुआ और आरोपियों द्वारा बहस एवं हंगामा किया जाने लगा, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बन गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सख्त रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में नवागढ़ थाना पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कुँवर पटेल (52 वर्ष) और महावीर पटेल (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और शांति भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। वहीं ग्राम अमोरा में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।