रायपुर में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर निगम की कार्रवाई, 8 दुकानों पर 8800 रुपये का जुर्माना - vedantsamachar.in

रायपुर में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर निगम की कार्रवाई, 8 दुकानों पर 8800 रुपये का जुर्माना

रायपुर, 10 जून (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिक निगम ने सख्त रुख अपनाया है। आम नागरिकों से प्राप्त स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने जोन क्रमांक 5 क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गंदगी और अस्वच्छ वातावरण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए ई-चालान की कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जीई रोड स्थित आमापारा चौक से स्वामी विवेकानंद आश्रम तक के मुख्य बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई और प्राप्त जनशिकायतों का सत्यापन किया गया।

निरीक्षण में शिकायतें सही पाए जाने पर निगम की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की। सबसे अधिक 5 हजार रुपये का जुर्माना किक्की रेस्टोरेंट पर लगाया गया। वहीं जयराज स्वीट्स पर 2 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अलावा अली बिरयानी और धमतरी मूंगबड़ा दुकान पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाली चार फल दुकानों में भी गंदगी पाए जाने पर संबंधित संचालकों पर कुल 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल आठ दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 हजार 800 रुपये का ई-चालान जारी किया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी भी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान जोन 5 के स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और दिलीप भारती सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। नगर निगम ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी फैलाने वालों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।