BREAKING NEWS : घर में घुसकर गला दबाकर महिला की हत्या…

गाजियाबाद के गांव सीकरी कलां में घर में घुसकर गला दबाकर और सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर महिला की हत्या कर दी गई। महिला का हाथ बंधा शव घर के आंगन में पड़ा मिला। उसके पास तीन साल का बच्चा रोता बिलखता मिला। घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद मिले। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। गांव सीकरी कलां निवासी 58 वर्षीय सरोज शर्मा पुत्र सियानंद के साथ रहती थी। 

महिला के पति मांगेराम शर्मा की दस साल पहले मौत हो चुकी है। जबकि बेटा सियानंद मोदीनगर में किराए पर अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे कल्लू के साथ रहता है। तीन दिन पहले सियानंद बेटे को अपनी मां के साथ छोड़कर गया था। गुरुवार सुबह घर की खिड़की पर एक बच्चा रो रहा था। उसके रोने की आवाज सुन मौके पर पड़ोसी घर के बाहर जमा हो गए। 

सुबह करीब दस बजे के आसपास सियानंद भी अचानक गांव सीकरी कलां अपने घर पहुंच गया। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी के मकान से अपने घर पहुंचा। जैसे ही वह आंगन में पहुंचा तो सरोज देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। उनकी साड़ी से ही उनके साथ पीछे की ओर बंधे हुए थे। नब्ज देखने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी थी। घर से बाहर जाने वाले दोनों दरवाजों पर ताला लगा हुआ था। 

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाप्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की गला दबाकर और सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई। हत्या करने से पहले महिला ने काफी संघर्ष किया था। फोरंसिक टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

दो दिन से आ रही थी बच्चे के रोने की आवाज

मृतक महिला सरोज देवी का पड़ोसियों के घर आना-जाना नहीं था। महिला किसी से कोई संबंध नहीं रखती थी। सियानंद तीन दिन पहले अपने पुत्र कल्लू को सरोज देवी के पास छोड़कर गया था। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार रात को मकान के अंदर से बच्चे रोने की आवाज आई थी। गुरुवार सुबह बच्चा खिड़की के पास आकर ही रो रहा था।

कृषि भूमि का एक साल पहले कर दिया था एग्रीमेंट

सरोज देवी के दो पुत्र सियानंद और मनजीत थे। पांच साल पहले मनजीत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। एक साल पहले सरोज देवी और उनके पुत्र सियानंद ने अपनी कृषि भूमि का एग्रीमेंट कर दिया था। एग्रीमेंट करने पर तीस लाख रुपये मिले थे, जो सरोज देवी के खाते में जमा हैं। कुछ दिनों बाद जमीन का बैनामा होने वाला था।

मोदीनगर सीओ सुनील कुमार सिंह ने कहा, ‘गांव सीकरी कलां में महिला की हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र सियानंद ने कई गांव के कई लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।’