CM श्री चौहान ने धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ मनाया करवा चौथ पर्व

मुख्यमंत्री निवास में करवा माता की पूजा हुई

भोपाल, 14 अक्टूबर । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान के साथ मुख्यमंत्री निवास पर करवा चौथ का पर्व मनाया। श्रीमती साधना सिंह ने चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा की तथा परंपरा अनुसार छलनी के माध्यम से चंद्रमा और पति शिवराज सिंह चौहान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्नी श्रीमती साधना सिंह को जल ग्रहण करवाकर व्रत खुलवाया। इसके पूर्व पति-पत्नी ने विधि-विधान से निवास पर करवा माता पूजा की। करवा माता की कथा का वाचन हुआ। करवा चौथ का व्रत पति की लम्बी और कष्ट रहित पूर्ण आयु की प्राप्ति के लिए रखा जाता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि करवा चौथ पर्व परस्पर प्रेम, सम्मान और सामंजस्य का प्रतीक है। यही भाव आत्मसुख प्रदान कर परिवार की प्रगति एवं उन्नति का मार्ग सुगम बनाता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज करवा चौथ के शुभ अवसर पर आप सभी अपने जीवनसाथी एवं परिवार के अन्य सदस्यों को साथ लेकर चलने का संकल्प लीजिए। यह प्रयास आपके साथ नई पीढ़ी को भी सकारात्मक वातावरण प्रदान कर आनंदमय जीवन का आधार बनेगा।