बिलासपुर,08 अप्रैल (वेदांत समाचार)। बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र स्थित सेवा सहकारी समिति एरमसाही में धान उठाव के नाम पर फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है, जहाँ धान की भौतिक उपलब्धता के बिना ही उठाव के लिए डिलीवरी ऑर्डर (DO) जारी कर दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक राइस मिलर का ट्रक धान लेने समिति पहुँचा, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता ने भ्रष्टाचार की पोल खोल दी।
ग्रामीणों ने देखा कि ट्रक में धान के बजाय केवल खाली बारदाने और कचरा भरकर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत ट्रक को रोककर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर जाँच करने पर समिति के स्टॉक में धान की भारी कमी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कागजों में धान का उठाव दिखाकर सरकारी खजाने को चूना लगाने की तैयारी थी। ग्रामीणों के विरोध और शिकायत के बाद अब विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
