Janjgir Champa: मेडिकल कॉलेज की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश - vedantsamachar.in

Janjgir Champa: मेडिकल कॉलेज की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 4 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। बैठक में मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक अधोसंरचना, भवन निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जीएनएम भवन के उन्नयन के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने तथा जिला चिकित्सालय जांजगीर में एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना के लिए राज्य स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज कुटरा का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री और कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को निर्माण कार्य में सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा परियोजना को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज के अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित लाइवलीहुड कॉलेज जांजगीर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, अधोसंरचना और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी तैयारियां गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम सुब्रत प्रधान, चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राकेश नहरेन, अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.आर. बेन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक तथा सीजीएमएससी बिलासपुर संभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।