जांजगीर-चांपा, 4 जून 2026। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से मुक्त कराए गए जांजगीर-चांपा जिले के 41 श्रमिक और उनके परिवारजन सुरक्षित रूप से छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। सभी श्रमिक बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां जिला प्रशासन की टीम ने उनका स्वागत किया और उनकी स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टेशन पहुंचकर श्रमिकों से मुलाकात की तथा उनकी आवश्यकताओं का जायजा लिया। श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे।
श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि सभी श्रमिकों को स्टेशन पर भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उन्हें उनके गृह ग्राम तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई, जिससे वे सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें।
प्रशासन ने बताया कि श्रमिकों और उनके परिवारों की सुविधा तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई। श्रमिकों की सकुशल वापसी से उनके परिजनों और गांवों में खुशी का माहौल है।
जिला प्रशासन ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

