कोरबा, 08 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में संगीत कला एकेडमी ‘नटरंग’ द्वारा 3 अप्रैल से 8 अप्रैल तक आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय नृत्य, गायन एवं वादन प्रतियोगिता में कोरबा जिले की होनहार बाल कलाकार अन्विका श्रीवास्तव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतिभाओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
बालको नगर निवासी एवं डीपीएस बालको की कक्षा पांचवीं की छात्रा अन्विका श्रीवास्तव ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में भाव, लय और ताल का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिसके चलते उन्होंने सब-जूनियर वर्ग में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे कोरबा जिले में हर्ष का माहौल है।
अन्विका, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त तबला वादक एवं नृत्य गुरु मोरध्वज वैष्णव के मार्गदर्शन में कथक नृत्य की बारीकियां सीख रही हैं। उनके सतत प्रशिक्षण और कठिन परिश्रम का ही परिणाम है कि इतनी कम उम्र में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। गुरु-शिष्य की इस जोड़ी ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और सही मार्गदर्शन से सफलता निश्चित है।

अन्विका के पिता रूपेश श्रीवास्तव, जो भारत एल्युमिनियम कंपनी (बालको) में कार्यरत हैं, ने अपनी पुत्री की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि अन्विका बचपन से ही नृत्य के प्रति बेहद रुचि रखती हैं और लगातार अभ्यास के माध्यम से अपने कौशल को निखार रही हैं। परिवार के सहयोग और गुरु के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि पर डीपीएस बालको के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने भी खुशी जाहिर करते हुए अन्विका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।
कोरबा के सांस्कृतिक क्षेत्र में यह उपलब्धि एक गौरवपूर्ण क्षण है। अन्विका श्रीवास्तव की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ने में सक्षम हैं। उम्मीद की जा रही है कि अन्विका भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
