रायगढ़ पुलिस की “अभियान संवेदना” के तहत बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया - vedantsamachar.in

रायगढ़ पुलिस की “अभियान संवेदना” के तहत बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़, 02 जून (वेदांत समाचार)। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। धरमजयगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को एक 29 वर्षीय महिला ने थाना धरमजयगढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि ग्राम तरेकेला, थाना छाल निवासी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार घटना 25 मई को उस समय हुई जब वह अपने मायके में थी और घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी गई हुई थी। इसी दौरान उसका परिचित बनेश्वर राठिया वहां पहुंचा और भय दिखाकर उसके साथ जबरदस्ती की।

महिला ने बताया कि घटना के बाद वह भय और मानसिक तनाव के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में ससुराल पहुंचकर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह थाना धरमजयगढ़ पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता का बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण कराया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 31 मई 2026 को ग्राम तरेकेला स्थित उसके निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस अत्यंत गंभीरता से लेती है। ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार के महिला संबंधी अपराध या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।