सक्ती, 01 जून (वेदांत समाचार)। जिले में उगाही और धमकी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैसे नहीं देने पर दो युवकों ने एक व्यापारी की मोटरसाइकिल में आग लगाकर उसे नुकसान पहुंचाया। मामले में सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राम मंदिर रोड वार्ड क्रमांक-07 सक्ती निवासी अंकित अग्रवाल (35 वर्ष) ने थाना सक्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि यश ठारवानी उर्फ कंचू और लीलाधर यादव उर्फ बाबा उसकी फोटोकॉपी दुकान पर पहुंचे थे और उसे डरा-धमकाकर उगाही के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। भय के कारण उसने आरोपियों को एक हजार रुपये दे दिए थे। इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा पैसे की मांग करते हुए जान से मारने और आग लगाकर जला देने की धमकी दी थी।
शिकायत के अनुसार 30 मई 2026 को अंकित अग्रवाल इलाज के लिए रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे। प्रार्थी के घर पर नहीं मिलने से नाराज आरोपियों ने उसकी होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AX 7944 में आग लगा दी। इस घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में जांच टीम ने घटनास्थल से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके अपनाए, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना से संबंधित 300 रुपये नगद भी बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने यश ठारवानी उर्फ कंचू (25 वर्ष) निवासी बुधवारी बाजार सक्ती तथा लीलाधर यादव उर्फ बाबा (21 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-08 संतोषी मंदिर के सामने, सक्ती को विधिवत गिरफ्तार कर 1 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में उगाही, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

