पावर कंपनी के डायरेक्टर आर.ए. पाठक को भावभीनी विदाई, 41 वर्षों की सेवा को किया गया नमन

रायपुर, 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के मुख्यालय सेवाभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में डायरेक्टर (वाणिज्यिक एवं नियामक मामले) आर.ए. पाठक को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में ऊर्जा सचिव एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने पाठक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

डॉ. रोहित यादव ने अपने संबोधन में पाठक की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में समर्पण, ईमानदारी और निर्भीकता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने पाठक के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

समारोह में पावर कंपनी के अन्य निदेशक एस.के. कटियार, आर.के. शुक्ला एवं भीमसिंह कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। आर.ए. पाठक ने अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल तथा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल सहित पावर कंपनीज में कुल 41 वर्षों तक सेवाएं दीं। उन्हें अप्रैल 2025 में राज्य शासन द्वारा निदेशक पद पर नियुक्त किया गया था, जबकि वे जुलाई में कार्यपालक निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

प्रबंध निदेशक (जनरेशन) एस.के. कटियार ने पाठक की कर्मठ कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे ग्रिड मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी अत्यंत कुशल रहे हैं। वहीं प्रबंध निदेशक (पारेषण) राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि पाठक का चार दशक से अधिक का अनुभव विद्युत अधोसंरचना से लेकर वाणिज्यिक मामलों तक फैला रहा, जो उनकी कुशल कार्यप्रबंधन क्षमता को दर्शाता है।

इसी क्रम में प्रबंध निदेशक (वितरण) भीमसिंह कंवर ने कहा कि पाठक के सेवा समर्पण से विद्युत विकास कार्यों में गति आई और उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण सुधार एवं वित्तीय प्रबंधन के कार्य संपन्न हुए।

अपने उद्बोधन में आर.ए. पाठक ने कंपनी प्रबंधन द्वारा सौंपे गए विभिन्न दायित्वों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, वी.के. साय, संजय पटेल, एम.एस. चौहान, आर.पी. नामदेव, एस.के. ठाकुर, एम.एस. कंवर, सी.एल. नेताम, जे.एस. नेताम, वी.के. दीक्षित सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रकाशन अधिकारी गोविंद पटेल ने किया।