रायगढ़, 01 जून 2026(वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने आईपीएल फाइनल मुकाबले GT Vs RCB पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मैच की हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।
गंज बाजार में दबिश, दो सटोरिए गिरफ्तार
पुलिस टीम ने गंज बाजार क्षेत्र में दबिश देकर गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर लोगों से नकद राशि लेकर सट्टा खिलाया जाता था।
आरोपियों ने अपने बयान में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर संगठित रूप से सट्टा कारोबार संचालित करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन बरामद किया, जिनमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
साहिल अग्रवाल के घर से बरामद हुई 31.99 लाख रुपये की नकदी
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस को देखकर साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया और अपने पीछे दो बैग तथा नोट गिनने की मशीन छोड़ गया।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों और परिजनों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। जांच में सामने आया कि यह रकम क्रिकेट सट्टे के संचालन से जुड़ी हुई है, जिसके बाद पुलिस ने राशि को जब्त कर लिया।
संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन कर रहे थे। इसके आधार पर गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।
गगन अग्रवाल का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व में भी ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इसी वर्ष मार्च माह में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई नंद कुमार सारथी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रेणु मंडावी, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर तथा आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, गोविंद पटेल, रविन्द्र गुप्ता, नवीन शुक्ला, धर्मेन्द्र सिंह, मनोज पटनायक, साविल चन्द्रा और कीर्ति सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सट्टा कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

