कोरबा 1 जून 2026 (वेदांत समाचार) । त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के अंतगर्त करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच के रिक्त पद पर मतदान हो रहा है । कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोट डाले जा रहे हैं। 1456 मतदाता दोनों प्रत्याशियों का भाग्य तय कर रहे हैं।
👉ययुवा सरपंच के निधन से रिक्त पदों पर हो रहा मतदान
गौरतलब हो कि ग्राम पंचायत सलिहाभांठा पूर्व सांसद दिवंगत डॉ.बंशीलाल महतो जी का गृह ग्राम है व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का गृह ग्राम पंचायत है । त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत फरवरी – मार्च 2025 में पंचायत चुनाव संपन्न हुआ था।
युवा प्रत्याशी नवरंगलाल कंवर पर मतदाताओं ने विश्वास जताया और नवरंग सरपंच चुनाव में विजयी हुए थे । गांव के विकास की चाबी नवरंगलाल को मिली ही थी कि 3 माह उपरांत ही उनका आकस्मिक निधन हो गया। निधन से परिजन समेत पूरे पंचायतवासी स्तब्ध रह गए थे । ख्वाब अधूरे रह गए। सरपंच के रिक्त पदों पर अब 1 साल बाद मतदान हो रहा ।
👉पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के भांजा बहु व भतीजे के बीच सीधा मुकाबला
त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव 2026 के तहत ग्राम पंचायत सलिहाभांठा के सरपंच के रिक्त पद के लिए इस बार भी चुनावी मैदान में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की भांजा बहु प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर उतरीं हैं लेकिन इस बार उनका सामना ननकीराम कंवर के ही सगे भतीजे विजय कंवर से है ,जो पंचायत के सर्वांगीण विकास के वादों के साथ मतदाताओं का आशीर्वाद लेने सरपंच प्रत्याशी के पद पर उतरे हैं। तो वहीं प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर इसके पूर्व पंचवर्षीय में सरपंच के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं।
👉पहली बार मुख्य पंचायत से कोई प्रत्याशी नहीं
ग्राम पंचायत सलिहाभांठा के सरपंच पद के चुनाव में ऐसा पहली बार है कि मुख्य पंचायत सलिहाभांठा जहां 60 फीसदी मतदाता हैं वहाँ से एक भी दावेदारी नहीं आई। सलिहाभांठा ने इस बार शेष बचे कार्यकाल में पंचायत के नेतृत्व की जिम्मेदारी आश्रित ग्राम बंधवाभांठा को ही दे दी ।वैसे पंचायतवासियों ने निर्वाचन की नौबत न आने की उम्मीद जताई थी पर बंधवाभांठा में पहली बार एकता नहीं दिखी और चुनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
👉1456 मतदाता तय करेंगे भाग्य ,सलिहाभांठा बनेगा गेम चेंजर
ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के चुनाव के लिए प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हो रहा । दोनों गांव में मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए दो -दो पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहाँ कुल 1456 मतदाता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे । इनमें 745 पुरुष एवं 711 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में 60 फीसदी मतदाता मुख्य ग्राम सलिहाभांठा से ही है,लिहाजा जिस प्रत्याशी को सलिहाभांठा के मतदाताओं का आशीर्वाद मिलेगा उसकी नईया पार हो जाएगी। प्रातः 10 .30 बजे तक सलिहाभांठा के 458 मतदाताओं में से 300 से अधिक मतदाता मतदान कर चुके हैं। चिलचिलाती गर्मी में भी मतदाताओं में मतदान करने गजब का उत्साह दिख रहा,लोकतंत्र की मजबूती के लिए योगदान देकर ग्राम के सभी वर्ग के मतदाताओं के चेहरों पर साफ प्रसन्नता दिख रही है।
👉तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था ,हेल्थ कैम्प भी लगा
ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच के रिक्त पद पर हो रहे उपचुनाव को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दर्जनों पुलिस बल की मौजूदगी के बीच वोट डाले जा रहे । साथ ही हेल्थ कैम्प भी लगा है ताकि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की दिक्कतें न आए।

