रायपुर,01 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम व उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है. राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रदेशभर में 1,310 रिक्त पदों के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है. आज शाम 5 बजे तक मतदान किया जा सकेगा. मतगणना 4 जून को होगी और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे.
1,300 से अधिक पदों के लिए मतदान
निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5 पद, पार्षद के 77 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1,136 पदों के लिए वोटिंग हो रही है. निकाय चुनाव में कुल 31,928 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाता मतदान करेंगे. नगरीय निकाय में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. वहीं पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी.
सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए रोचक मुकाबला
कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है. यहां अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में हैं. नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के निधन के बाद यह पद रिक्त हुआ था. भाजपा ने सरिता संतोष मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है. वहीं कांग्रेस ने रोशन वैष्णव पर दांव लगाया है. वहीं कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरे अजय यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं.
5,142 मतदाता करेंगे फैसला
नगर पंचायत के 15 वार्डों में 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 5,142 मतदाता हैं, जिनमें 2,651 पुरुष और 2,491 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 4 जून को की जाएगी.
शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भी आज वोटिंग
सूरजपुर जिले के नगर पंचायत शिवनंदनपुर के आम निर्वाचन के लिए भी मतदान शुरू हो चुका है. अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में भाजपा, कांग्रेस समेत तीन प्रत्याशी उतरे हैं. वहीं 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. निर्वाचन के लिए कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जहां कुल 4,642 मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करेंगे. इनमें 2,335 पुरुष और 2,307 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
पार्षद उपचुनाव में त्रिकोणीय टक्कर
बिलासपुर शहर के तारबाहर क्षेत्र के वार्ड नंबर 29 संजयनगर में पार्षद उपचुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो चुका है. मतदाता शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. पार्षद चुनाव के लिए 8 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां 5255 मतदाता वोटिंग कर नया पार्षद चुनेंगे. पार्षद पद के लिए हो रहे उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. यहां से भाजपा से मधुसूदन राव, कांग्रेस से मो. आजम खान और आम आदमी पार्टी के शाहिल खान चुनावी मैदान में हैं.

