ऑपरेशन काल चक्र-03: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 109 वारंट तामील, 8 फरार आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

ऑपरेशन काल चक्र-03: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 109 वारंट तामील, 8 फरार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 31 मई 2026 (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन काल चक्र-03” के तहत उत्तर जोन में व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामीली तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस के अनुसार 31 मई को उत्तर जोन के थाना गुढ़ियारी, उरला, खमतराई, पंडरी, खम्हारडीह एवं चौकी रामनगर क्षेत्र में संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की व्यापक जांच-पड़ताल की।

अभियान के दौरान कुल 109 वारंटों की तामीली की गई। इनमें 23 स्थायी वारंट, 31 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानतीय वारंट शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एनडीपीएस एक्ट का एक फरार आरोपी भी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कुल 50 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान के दौरान आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और चाकूबाजों की भी सघन जांच की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की तथा कानून व्यवस्था भंग करने पर सख्त चेतावनी दी।

रायपुर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाते हुए आबकारी एक्ट के तहत 30 मामलों में कार्रवाई की। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अवैध हथियार रखने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।