नई दिल्ली, 30 मई : Sai Sudharsan Hit Wicket: साई सुदर्शन के साथ अनर्थ पहले धर्मशाला में खेले क्वालिफायर 1 में हुआ. फिर न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर क्वालिफायर 2 में भी हो गया और अब डर है कि 31 मई की शाम फाइनल में अहमदाबाद के मैदान पर भी वही अनर्थ साई सुदर्शन के साथ ना हो जाए. आप सोच रहे होंगे कि ये क्या अनर्थ है जो साई सुदर्शन का पीछा ही नहीं छोड़ रहा. जवाब है हिट विकेट. क्रिकेट में बल्लेबाज के आउट होने का एक तरीका. इस तरीके से बल्लेबाजों को आउट होते आपने कई बल्लेबाजों को देखा भी होगा. मगर यकीन मानिए साई सुदर्शन जैसा नहीं. वो भी लगातार. अब अगर वैसे ही वो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले जाने वाले IPL 2026 के फाइनल में भी आउट हुए तो फिर तो हैट्रिक हो जाएगी.
साई सुदर्शन के साथ लगातार दो मैचों में क्या हुआ?
साई सुदर्शन जैसे धर्मशाला में RCB के खिलाफ खेले क्वालिफायर 1 में हिट विकेट हुए थे. ठीक वैसे ही वो क्वालिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर भी हिट विकेट हुए. दोनों में जरा भी फर्क नहीं रहा. दोनों ही जगह उनका बल्ला हाथ से छूटा और हवा में लहराता हुआ जाकर सीधा विकेट पर गिरा.
ऐसा पहले कभी नहीं देखा- टॉम मूडी
साई सुदर्शन को लगातार 2 मैचों में एक ही और शायद सबसे अनोखे तरीके से हिट विकेट होते देखकर क्रिकेट के कई दिग्गजों को हैरानी हुई. टॉम मूडी ने तो यहां तक कह दिया कि उन्होंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा.
गुजरात टाइटंस के लिए क्यों अहम हैं सुदर्शन?
साई सुदर्शन आईपीएल 2026 के सफल बल्लेबाजों में से एक हैं. वो ऑरेंज कैप की रेस में बने हैं. अब तक खेले 16 मैचों में उन्होंने 710 रन बनाए हैं. इस प्रदर्शन से अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं कि फाइनल में वो गुजरात टाइटंस के लिए कितने अहम साबित हो सकते हैं? लेकिन, अगर जो अनर्थ दोनों क्वालिफायर में उनके साथ हुआ, वो अगर IPL 2026 के फाइनल में भी हुआ तो फिर RCB के खिलाफ गुजरात मुश्किल में आ सकती है.

