कोरबा,29 मई (वेदांत समाचार)। भारतीय डाक विभाग, बिलासपुर संभाग द्वारा आम नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 मई 2026 (शनिवार) को विशेष आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सामुदायिक भवन मुखापाली डमर, ग्राम सिरोली लखेसरा चंदपुर, ग्राम पंचायत भवन कटघोरा, ग्राम पंचायत भवन बागबुड़ा पेराग तथा बरखरान देवसेनबुड़ बिलासपुर में किया जाएगा।
शिविर में नागरिक नए आधार कार्ड के लिए नामांकन कराने के साथ-साथ आधार कार्ड में पता, मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, ई-मेल एवं अन्य आवश्यक संशोधन और अपडेट करा सकेंगे। इसके अलावा आधार में बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के लिए 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट भी शिविर में करवा सकते हैं।
भारतीय डाक विभाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने और अपने बच्चों के आधार नामांकन एवं अपडेट संबंधी कार्य समय पर पूर्ण कराएं।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, बिलासपुर संभाग ने बताया कि डाक विभाग द्वारा आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुलभ और सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

