बिलासपुर, 29 मई (वेदांत समाचार)। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से की।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी 13 मई 2026 को अपनी सास की तबीयत खराब होने पर पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर राजिम चला गया था। 19 मई को मोहल्ले वालों ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर अलमारी से सोना-चांदी के जेवर गायब मिले, जिसके बाद सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी के कुछ जेवर सरकण्डा निवासी सोनार राजेश सोनी को बेच दिए थे। पुलिस ने उसके पास से भी सोने के जेवर जप्त किए हैं।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी अभय सिंह बैस और उनकी टीम द्वारा की गई।

