हाउसिंग बोर्ड पार्किंग से बुलेट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जंगल से बरामद हुई 2.5 लाख की रॉयल एनफील्ड - vedantsamachar.in

हाउसिंग बोर्ड पार्किंग से बुलेट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जंगल से बरामद हुई 2.5 लाख की रॉयल एनफील्ड

जगदलपुर, 29 मई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने जगदलपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पार्किंग से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसने चोरी के बाद बाइक को गांव के घने जंगल में छिपाकर रखा था।

पुलिस के अनुसार 23 फरवरी 2026 को जगदलपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की पार्किंग से रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुशील नायक पिता संतोष नायक उम्र 20 वर्ष निवासी केंवटीन टोला, थाना कोरर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के रूप में की। आरोपी घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों में रह रहा था।

पुलिस ने लंबे समय तक पतासाजी करने के बाद 27 मई 2026 को आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट क्रमांक OD 07 T 0494 को अपने गांव के घने जंगल में छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बस्तर पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक सोनू गौतम, कृष्णा नेताम और राजू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।