कोविड से बचने अवश्य लगाएं टीका : कलेक्टर

बलौदाबाजार । जिले में कोविड के लगातार बढ़ते प्रभाव व प्रभावित मरीजों में पुन: श्वास की समस्या को देखते हुए कोविड से बचाव के लिए कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से पुन: दो दिवसीय 22 व 23 जुलाई को विशेष कोविड टीकाकरण महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जिलें में कुल 422 साइट बनाया गया है। उक्त शिविर का अयोजन दो पालियों में सुबह 7 बजे से लेकर दोहपर 1 बजे तक व दोहपर 3 बजे से लेकर रात 8 बजे तक होगा। कलेक्टर आज इस संबंध ने तैयारियां का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए है। इसके लिए कलेक्टर ने अन्य विभागों जैसे राजस्व, पंचायत, शिक्षा, महिला बाल विकास, प्रशासन को भी इसमें सम्मिलित करते हुए अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करने विस्तृत निर्देश दिए है।

टीकाकरण महाअभियान के संबंध में जानकारी देते हुए जिला मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम पी महिस्वर ने बताया कि टीकाकरण के लिए कुल 422 सेशन साइट बनाए गए है। जिसमें विकासखंड  भाटापारा में 36, बिलाईगढ़ में 85, कसडोल में 91 पलारी 83, सिमगा 72 व बलौदाबाजार में 55 केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर दो पालियों में टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण निर्धारित स्थान पर शासन की ओर से निर्धारित आयु वर्गों को किया जाएगा। टीकाकरण में एईएफआई संबंधी तैयारी भी पूरी कर ली गई है। टीकाकरण के संबंध में अधिक जानकारी के लिए आमजन अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से प्राप्त कर सकते है।

कलेक्टर रजत बंसल ने जिला वासियों से अपील करतें हुए कहा कि जिले में कोविड के प्रकरण बढ़ रहे है। साथ   ही  जिला हॉस्पिटल में भर्ती हुए मरीजों में पुन: पहले की तरह श्वास लेने की समस्या हो रही है। जिसको देखते हुए विशेष टीकाकरण महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। जितने भी लोग कोविड का टीका व बूस्टर डोज के लिए बचें है वह अपना टीका अवश्य लगाएं। वतर्मान समय मे कोविड से बचाव के लिए रामबाण उपाय केवल टीका ही है।