सुकमा के कई गांवों में आंधी-तूफान से बिजली आपूर्ति ठप... - vedantsamachar.in

सुकमा के कई गांवों में आंधी-तूफान से बिजली आपूर्ति ठप…

सुकमा,29 मई (वेदांत समाचार). जिले में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. करीब 20 मिनट तक चली तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारी नुकसान पहुंचाया. नेशनल हाईवे पर कई जगह विशाल पेड़ गिरने से यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई. तेज हवाओं की वजह से बिजली तारों पर पेड़ और टहनियां गिर गईं, जिससे जिला मुख्यालय समेत कई गांवों की बिजली गुल हो गई.

पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहा और देर रात तक बिजली विभाग की टीमें लाइन दुरुस्त करने में जुटी रहीं. सबसे ज्यादा असर गरीब तबके पर पड़ा, जहां बाजार क्षेत्र के टीन और लोहे के शेड हवा में उड़ गए. कई लोगों के आशियाने भी क्षतिग्रस्त हो गए. बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित जगहों की तलाश करते नजर आए. अचानक आए इस तूफान ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन भारी नुकसान भी पहुंचाया. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की अपील की है. जिले में अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है.