कोरबा, 28 मई (वेदांत समाचार)। कोरबा स्थित आरकेटीसी कंपनी कैंप में गुरुवार दोपहर मारपीट की घटना हुई। कंपनी के एक सुपरवाइजर को ड्राइवर और उसके दो दोस्तों ने बेसबॉल बैट, लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।मारपीट में सुपरवाइजर घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरकेटीसी कंपनी के सुपरवाइजर राजा पांडे के साथ कंपनी के ड्राइवर सोनू साहू और उसके दो साथियों ने मारपीट की। तीनों ने बेसबॉल बैट, लात और घूंसों से हमला किया, जिससे राजा पांडे घायल हो गए।
छोटी सी बात पर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि सोनू साहू ट्रेलर का ड्राइवर है। राजा पांडे ने उससे गाड़ी साइड में लगाने को कहा था। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हुई और मामला बढ़ गया।
इसके बाद सोनू साहू ने अपने दो दोस्तों को बुला लिया। फिर तीनों ने मिलकर राजा पांडे की पिटाई कर दी। वहां मौजूद दूसरे कर्मचारी बीच-बचाव करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को थाने ले गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मारपीट की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

