BREAKING : करंट की चपेट में आने से युवक की मौत... - vedantsamachar.in

BREAKING : करंट की चपेट में आने से युवक की मौत…

रायगढ़,28 मई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ के पंजरी प्लांट मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सक्ता तमनार निवासी प्रदीम चौहान के रूप में हुई है, जो रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सीएमएस कंपनी में काम करता था। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे प्रदीम नहाने से पहले अपने किराए के मकान की नाली की सफाई कर रहा था। इस दौरान उसके हाथ में लोहे की रॉड थी। मकान के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन की दूरी कम होने के कारण अचानक लोहे की रॉड बिजली तार के संपर्क में आ गई।

तेज करंट की चपेट में आते ही प्रदीम गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिक देवी लाल साहू बिजली कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद पंजरी प्लांट मोहल्ले की बिजली सप्लाई बंद कराई गई। हादसे के चलते करीब तीन घंटे तक इलाके की बिजली गुल रही। सूचना मिलने पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद से मोहल्ले में भय का माहौल बना हुआ है।