छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली । बारिश के चलते देश के कई राज्यों में हालात बदतर हो चुके हैं। पूर्वोत्तर में असम बाढ़ से जूझ ही रहा है, इसके अलावा गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक बारिश और बाढ़ से बुरा हाल है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हैदराबाद, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तेलंगाना में बहुत अधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

मुंबई और गुजरात के शहरी इलाकों में पानी भर गया है। यहां के ग्रामीण इलाकों में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इसके अलावा उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है।वहीं बृहन्मुंबई नगर निगम ने मुंबई व आसपास के स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 14 जुलाई को पश्चिम मध्य प्रदेश और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 और 17 जुलाई को को पूर्वी मध्य प्रदेश, 14 और 17 को विदर्भ, 16 और 17 को छत्तीसगढ़, 13 से 16 जुलाई के दौरान ओडिशा, 15 जुलाई को कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक तटीय कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और पंजाब के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, जम्मू कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। झारखंड, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में आज हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और कहीं कहीं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है । अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 27 डिग्री रहने के आसार है। इस पूरे सप्ताह कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

पंजाब के कुछ जिलों में बारिश की संभावना
पंजाब में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ जिलों में सामान्य वर्षा होने का अनुमान है। वहीं तेज हवा भी चल सकती है और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम सुहावना बना रहेगा।

हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी वर्षा होने की चेतावनी दी है। लोगों से नदी-नालों से दूर रहने व वाहनचालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस बार मानसून के दौरान पूरे प्रदेश में बारिश नहीं हो रही है।

जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ होगी बारिश
जम्मू कश्मीर में उमस भरे मौसम के बीच अगले 24 घंटों में गरज के साथ वर्षा और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होगी। वर्षा के बावजूद उमस का असर बना रहेगा। इस सप्ताह बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे व वर्षा होती रहेगी।