बिलासपुर,28 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को बिलासपुर जिले में चल रहे महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बन रही 10 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना का जायजा लेते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभागीय सचिव ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे प्रमुख सड़क एवं भवन निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।
बैठक में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
PWD सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परियोजना के अलग-अलग चरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए और रोजाना मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कराने पर जोर दिया। साथ ही निविदा स्वीकृति के एक माह के भीतर हर हाल में काम शुरू कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय ऑडिटोरियम, नए जेल भवन तथा बोदरी में न्यायालयीन प्रकरणों के ओआईसी के लिए बनने वाले विश्राम भवन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को सड़कों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डिवाइडरों की दीवारों और ग्रिल्स का रंग-रोगन कराने तथा सड़क सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बिलासपुर में चल रहे इन निर्माण कार्यों को क्षेत्रीय विकास और यातायात व्यवस्था के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

