कोरबा : कुएं में तैरती मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस 

कोरबा, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में एक शख्स की लाश कुएं में तैरती हुई मिली है। उसके हाथ पैर को रस्सी से बांधा गया था। इस वजह से आशंका है कि पहले उसकी हत्या की गई है। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया है। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू की है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मोहनपुर गांव के लोग रविवार सुबह अपने-अपने काम से निकल रहे थे। कुछ लोग गांव में बने एक पुराने कुएं से पानी निकालने गए थे। उसी दौरान उन्होंने एक शख्स की लाश को कुएं के अंदर पानी में तैरता हुआ देखा था। जिसके बाद ये पूरा मामला खुला है। फिर पुलिस को भी इस बात की सूचना दी गई थी।

खबर मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पानी से निकाला। शव निकालने पर पता चला कि उसके हाथ-पैर को रस्सी से बांधा गया था। शरीर में कुछ जगह चोट के निशान हैं। इसलिए शंका है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। आस-पास के गांवों में भी खबर दी गई है। शव की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ साफ हो सकेगा।