रायगढ़,28 मई (वेदांत समाचार)। गोमर्डा अभ्यारण्य से सरायपाली तक करीब 33 किमी रोड का काम पूरा होने वाला है, लेकिन रायगढ़ से गोमर्डा अभ्यारण्य तक बचा हुआ काम कब पूरा होगा यह अब आईआईटी बॉम्बे की रिपोर्ट पर निर्भर है। एनएचएआई मुख्यालय ने टीम को निरीक्षण करने भेजा था। पहले इस रोड का इस्टीमेट 162 करोड़ का था जो अब 200 करोड़ से भी ज्यादा हो सकता है। एनएच 153 रोड प्रोजेक्ट में अब भी सबसे अहम काम बचा हुआ है। एरा इंफ्रा के कारण इस रोड की लागत दोगुनी हो गई। रायगढ़ से गोमर्डा अभ्यारण्य के बीच करीब 40 किमी रोड का निर्माण होना है। इस भाग में कई जगहों पर रोड धंस गई है।
ज्यादातर स्थानों में तो रोड बीच से फट गई है। बड़ी दरारों में घास और झाडिय़ां तक उग आती हैं। पूरी कांक्रीट रोड में दरारों से भरी हुई है। पिछले दिनों आईआईटी बॉम्बे की एक टीम रोड का निरीक्षण करने पहुंची थी। उन्होंने रोड के ऐसे स्पॉट्स की जानकारी दर्ज की है। कहीं पर सडक़ पूरी तरह से उखाडक़र दोबारा बनाने की जरूरत है तो कहीं एक हिस्सा ही बनाया जाएगा। पहले एनएच विभाग ने 162 करोड़ का इस्टीमेट बनाया था जो अब बढ़ सकता है। इस मामले में एरा इंफ्रा पर भी कार्रवाई की गई है। कंपनी की अमानत राशि जब्त करने के अलावा करोड़ों का भुगतान रोक दिया गया। कंपनी दिवालिया घोषित हो गई, लेकिन इस वजह से सरकार को रायगढ़ से सराईपाली एनएच में दोगुना राशि खर्च करनी पड़ी।

