बस्तर,28 मई (वेदांत समाचार). बस्तर में बढ़ती गर्मी के साथ अब आवारा कुत्तों का आतंक भी लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. गली-मोहल्लों में झुंड बनाकर घूम रहे कुत्ते राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे अस्पतालों में रोज बड़ी संख्या में लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं. महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 20 से 25 तक डॉग बाइट के मरीज पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी में जानवरों का व्यवहार बदल जाता है.
शरीर से पसीना बाहर नहीं निकल पाने के कारण वे चिड़चिड़े और आक्रामक हो जाते हैं. पालतू जानवरों को वैक्सीन मिल जाती है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं. शहर के 48 वार्डों में लोगों ने रात के समय घर से निकलने में डर का माहौल बताया है. बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा खतरे में हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि काटने पर घाव को तुरंत साबुन-पानी से धोकर एंटी रेबीज इंजेक्शन जरूर लगवाएं.

