ईरान ने अमेरिकी टैंकर पर की गोलीबारी, अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ड्रोन गिराए - vedantsamachar.in

ईरान ने अमेरिकी टैंकर पर की गोलीबारी, अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ड्रोन गिराए

वॉशिंगटन ,28 मई । ईरानी नौसेना ने बुधवार रात एक अमेरिकी टैंकर पर फायरिंग की। ईरान का दावा है कि ये जहाज होर्मुज से गुजरते समय अपना रडार बंद करके जा रहा था। तस्नीम न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी।

इसके बाद अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास पोर्ट के पास एक खाली इलाके में जवाबी फायरिंग की। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। अमेरिका ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान को लगा था कि वह बातचीत से पीछे हट जाएंगे, लेकिन अब तेहरान के पास समझौता करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा, ‘ईरान को लगा था कि वे मुझे इंतजार करवाकर थका देंगे। उन्हें लगा कि मेरे सामने मिडटर्म चुनाव हैं, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है। ईरान अब सिर्फ समझौता करना चाहता है।’

कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले का खतरा, एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
कुवैत की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, देशभर में अलार्म सायरन बजाए गए हैं। कुवैती सेना ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन मिसाइल और ड्रोन हमलों रोकने में जुटे हैं।

कुवैत सेना के जनरल स्टाफ ने बयान जारी कर कहा कि लोगों को जो धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है, वह एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा हमलों को इंटरसेप्ट करने की वजह से है। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और सतर्क रहें।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि ये मिसाइल और ड्रोन किस तरफ से दागे गए थे। घटना को लेकर आगे और जानकारी आने की उम्मीद है।

अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ड्रोन गिराए
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरान के चार अटैक ड्रोन मार गिराए। अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास में मौजूद एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर भी हमला किया, जहां से पांचवां ड्रोन लॉन्च किए जाने की तैयारी थी।

एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा कि यह कार्रवाई सीमित और पूरी तरह डिफेंसिव थी। उनके मुताबिक इसका मकसद सीजफायर बनाए रखना और अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा तय करना था।

अमेरिकी सेना को लगा कि ये ड्रोन उसके सैनिकों और सैन्य ठिकानों के लिए खतरा बन सकते थे, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया।

ट्रम्प बोले- मुस्लिम देश अब्राहम समझौते में शामिल हों, तभी ईरान वार्ता आगे बढ़ेगी
मध्य-पूर्व की राजनीति पर बोलते हुए ट्रम्प ने कहा कि अगर सऊदी अरब, कतर, पाकिस्तान, तुर्किये, मिस्र और जॉर्डन अब्राहम समझौते में शामिल नहीं होते, तो अमेरिका ईरान डील को आगे नहीं बढ़ाएगा।

वहीं, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका कूटनीतिक रास्ता अपनाना चाहता है, लेकिन ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने ईरान को आतंकवाद का बड़ा समर्थक भी बताया।

ट्रम्प ने ओमान को उड़ाने की धमकी दी
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है और यहां किसी एक देश का कब्जा नहीं हो सकता। ट्रम्प ने कहा कि दुनिया के सभी जहाजों को यहां से गुजरने की आजादी होगी।

ट्रम्प ने कहा कि हम इस पर नजर रखेंगे, लेकिन इसे कोई कंट्रोल नहीं करेगा। ईरान इसे कंट्रोल करना चाहता है, लेकिन ऐसा नहीं होगा। यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है। ओमान को भी बाकी देशों की तरह व्यवहार करना होगा, नहीं तो हमें उसे उड़ा देना पड़ेगा।

रूस ने ईरान से कहा- युद्ध फिर शुरू न होने दे

रूस के सुरक्षा परिषद के डिप्टी सेक्रेटरी अलेक्जेंडर वेंडिक्टोव ने ईरान से क्षेत्र में दोबारा युद्ध शुरू न होने देने की अपील की है। ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक वेंडिक्टोव ने कहा क्षेत्र में नई सुरक्षा व्यवस्था का रास्ता तैयार करना जरूरी है।

पिछले 24 घंटे के 4 बड़े अपडेट्स…

  1. ईरान-अमेरिका डील का दावा- ईरान ने दावा किया कि अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने के लिए शुरुआती समझौता ड्राफ्ट तैयार हुआ है, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग बहाल करने और अमेरिकी सैन्य मौजूदगी घटाने का प्रस्ताव शामिल है।
  2. अमेरिका ने रिपोर्ट को बताया झूठ- व्हाइट हाउस ने ईरानी मीडिया की शांति समझौते वाली रिपोर्ट को पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत बताया। अमेरिका ने कहा कि दोनों देशों के बीच किसी भी तरह का आधिकारिक ड्राफ्ट तैयार नहीं हुआ है।
  3. लेबनान में इजराइली हमले तेज- दक्षिणी लेबनान में इजराइल के ताजा हवाई हमलों में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई और 40 घायल हुए। लगातार हमलों के बीच लोगों में दहशत है और बड़े पैमाने पर पलायन जारी है।
  4. ईरान ने भारतीय नाविकों को छोड़ा- ईरान ने लंबे कूटनीतिक प्रयासों के बाद जुलाई 2025 से हिरासत में रखे गए 10 भारतीय नाविकों को रिहा कर दिया। सभी नाविक जल्द भारत लौटेंगे और फिलहाल सुरक्षित बताए गए हैं।
  5. हमास कमांडर को मारने का दावा- इजराइल ने गाजा में हवाई हमले में हमास सैन्य शाखा के नए कमांडर मोहम्मद ओदेह को मारने का दावा किया। हमला गाजा सिटी की रिहायशी इमारत पर कई महीनों की निगरानी के बाद किया गया।