आईपीएल 2026 के फाइनल की एक टीम का फैसला हो चुका है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में एंट्री की. अब फाइनल में उसका सामना किस टीम से होगा, इस फैसले की बारी है. इस कड़ी में पहला पड़ाव एलिमिनेटर मैच है, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने हैं. एक बार फिर इस मैच में राजस्थान के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा फोकस में रहेंगे, जो इस मैच में 600 रन का आंकड़ा छू सकते हैं और ऐसा करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन सकते हैं.
हैदराबाद के खिलाफ वैभव का प्रदर्शन
न्यू चंडीगढ़ में बुधवार 27 मई को ये एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा, जो इस सीजन में सनराइजर्स और राजस्थान के बीच तीसरा मुकाबला है. लीग स्टेज के दोनों मुकाबले हैदराबाद ने ही जीते थे. ऐसे में इस बार भी हैदराबाद का पलड़ा भारी माना जा रहा है. मगर मैच के नतीजे से अलग इस मुकाबले में भी वैभव सूर्यवंशी नजरों में रहेंगे. इसकी वजह भी है क्योंकि पिछले दोनों मैच उनके लिए फर्श से अर्श का सफर रहा था. पहले मैच में वो खाता भी नहीं खोल पाए थे, जबकि दूसरी बार उन्होंने 36 गेंदों में शतक ठोका था.
सबसे कम उम्र में 600 रन
ऐसे में इस बार वैभव के बल्ले से क्या धमाका होता है या फिर कोई उन्हें रोकने में कामयाब होता है, ये देखने लायक होगा. अब अगर 15 साल का ये ओपनर तूफानी पारी खेलता है तो कुछ रिकॉर्ड फिर टूटने तय हैं. इसमें सबसे पहला रिकॉर्ड तो 600 रन का है. वैभव इस सीजन में अभी तक 14 पारियों में 583 रन बना चुके हैं और 600 का आंकड़ा छूने से सिर्फ 13 रन दूर हैं. अगर वो ऐसा करते हैं तो IPL के एक सीजन में 600 रन बनाने वाले पहले ही बल्लेबाज बन जाएंगे. इसके अलावा वो 70 रन बनाते ही इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे. फिलहाल इस मामले में साई सुदर्शन (652) सबसे आगे हैं.
क्या वैभव तोड़ पाएंगे गेल का रिकॉर्ड?
मगर असली रिकॉर्ड तो वो है, जिसे तोड़कर वैभव सूर्यवंशी दुनियाभर में वाहवाही बटोरेंगे, इसमें कोई शक नहीं. ये रिकॉर्ड है एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का. अपना दूसरा ही सीजन खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अब तक 53 छक्के उड़ा दिए हैं. वो एक सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन ही चुके हैं. अब अगर वो एलिमिनेटर में 7 छक्के ठोकते हैं तो क्रिस गेल (59) का रिकॉर्ड टूट जाएगा. गेल ने 2012 में ये कीर्तिमान स्थापित किया था और तब से अब तक कोई इसके पास नहीं पहुंच सका है.
SRH vs RR मैच से जुड़ी अहम डिटेल यहां देखें
मैच की बात करें तो इसके समय, स्टेडियम और दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड की जानकारी भी आपको बताते हैं.
SRH vs RR के बीच एलिमिनेटर मैच कितने बजे शुरू होगा?
यह मैच शाम 7:30 बजेशुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा.
SRH vs RR के बीच ये मैच किस वेन्यू पर खेला जा रहा है?
ये मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में खेला जाना है.
SRH vs RR का आईपीएल में रिकॉर्ड किसके पक्ष में है?
दोनों टीम के बीच कुल 23 मैच खेले जा चुके हैं और इसमें 14 मैच हैदराबाद ने, जबकि 9 राजस्थान ने जीते हैं. हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पिछले 6 मैच लगातार जीते हैं. राजस्थान की हैदराबाद पर आखिरी जीत अप्रैल 2023 में आई थी.
न्यू चंडीगढ़ में कैसा है SRH और RR का प्रदर्शन?
न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड शानदार है. राजस्थान ने इस मैदान पर अपने सभी 3 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को यहां 1 मैच में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा है.
SRH vs RR मैच के नतीजे का क्या होगा असर?
ये एक नॉकआउट मैच है इसलिए हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम 29 मई को होने वाले क्वालिफायर-2 में उतरेगी, जहां उसका सामना क्वालिफायर-1 हारने वाली गुजरात टाइटंस से होगा. उसे जीतने वाली टीम फाइनल में RCB से टकराएगी.

