गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन…

भिलाई, 07 अप्रैल (वेदांत समाचर): भिलाई-3 के ग्राम करसा में एचपी गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं होने से नाराज़ ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से गांव में एचपी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। घरों में खाना बनाने में परेशानी हो रही है और लोगों को लकड़ी और अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि शताक्षी गैस एजेंसी से सिलेंडर की सप्लाई होती है, लेकिन समय पर गैस नहीं मिल रही है। एजेंसी के सामने कई बार शिकायत की गई, फिर भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि एजेंसी में व्यवस्था ठीक नहीं है, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले इसी गैस एजेंसी में बाउंसर द्वारा ग्राहकों से मारपीट करने का मामला सामने आया था, जिससे लोगों में पहले से ही नाराज़गी थी। अब सिलेंडर नहीं मिलने से गुस्सा और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि गैस जैसी जरूरी चीज के लिए बार-बार भटकना पड़ रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों से बातचीत की और जल्द सप्लाई सुधारने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और सड़क से हट गए। प्रशासन ने गैस एजेंसी से भी बात कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर जल्द ही गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई शुरू नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे और इस बार बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।