बलरामपुर 26 मई 2026 (वेदांत समाचार)। भीषण गर्मी और जंगलों में जल स्रोतों के सूखने से हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। बलरामपुर वन मंडल क्षेत्र में 22 हाथियों का दल पानी की तलाश में सिंदूर नदी तक पहुंच गया है। हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। जानकारी के अनुसार रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों का यह दल पिछले एक महीने से अधिक समय से विचरण कर रहा है। क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और जल संकट के कारण हाथियों को जंगलों से निकलकर नदी किनारे और आबादी के समीप स्थित क्षेत्रों की ओर जाना पड़ रहा है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और हाथियों के नजदीक पहुंचने से बचने की अपील की है।

