BREAKING : भीषण आग का तांडव : ईदी ट्रेडर्स और नगमा प्लास्टिक के कबाड़ गोदाम में लगी आग आदित्य हीरो शोरूम भी चपेट में… – vedantsamachar.in

BREAKING : भीषण आग का तांडव : ईदी ट्रेडर्स और नगमा प्लास्टिक के कबाड़ गोदाम में लगी आग आदित्य हीरो शोरूम भी चपेट में…

रायगढ़, 24 मई (वेदांत समाचार)। सारंगढ़-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ईदी ट्रेडर्स व नगमा प्लास्टिक फर्म के कबाड़ गोदाम में शनिवार की दोपहर को अचानक आग लगने से आस पास क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठी आग की लपटों ने बगल में स्थित बाईक शो रूम को भी अपनी चपेट में ले ली थी। वहीं गोदाम में रखे टायर व प्लास्टिक सामान के जलने से काले धुएं का गुब्बार इस कदर उठा कि सडक़ पर अंधेरा छा गया था। मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल जूटमिल पुलिस सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नगर सेना सहित उद्योगों की आधा दर्जन दमकल की मदद से लगभग 6 घंटे की भारी मशक्कत के बाद कहीं जा कर आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है परंतु लाखों रूपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गोदाम के पीछे किसी ने कचरे में आग लगा दिया था जिसकी चिंगारी हवा में उड़ कर आने के कारण आग लगना बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। रायगढ़-सारंगढ़ मार्ग पर छातामुड़ा में मुख्य सडक़ से लग कर ईदी ट्रेडर्स व नगमा प्लास्टिक फर्म के कबाड़ गोदाम है। गोदाम में अधिकांश तौर पर पुराने टायर, प्लास्टिक कुर्सियां व अन्य प्लास्टिक सामग्रियां भारी मात्रा में डंप थी। शनिवार की दोपहर को तकरीबन साढ़े 12 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। इससे पहले कि आग बुझाने का कोई इंतजाम किया जाता प्लास्टिक सामग्री व टायर होने की वजह से देखते ही देखते पुरे गोदाम को अपने चपेट में लेते हुए आग की लपटें उठने लगी।

आग की लपटों के साथ ही काले धुएं का गुब्बार इस कदर उडऩे लगा कि आस पास क्षेत्र में अधेंरा सा छा गया था। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया तथा सडक़ के दोनों ओर यातायात भी थम गया था। घटना को देख आस पास के लोग काफी संख्या में वहां जमा हो गये और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया तथा फायर बिग्रेड व पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

आग बढ़ते हुए गोदाम के बगल में आदित्य हीरो शो रूम के पीछे की तरफ भी फैल गई थी। वहीं आग लगने की जानकारी मिलते ही नगर सेना द्वारा संचालित फायर बिग्रेड तत्काल मौके पर पहुंच कर आग बुझाने के काम में जुटी। वहीं, एक-दो दमकल से भीषण आग पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा था और धीरे धीरे आग कबाड़ गोदाम के बगल स्थित हीरो शो रूम की ओर बढऩे लगी। इस स्थिति को देखते हुए तत्काल एनटीपीसी, जिंदल से भी फायर ब्रिगेड बुलाया गया। वहीं लगभग 10 किलोमीटर दूर से भी धुएं का गुब्बार दिख रहा था जिससे आग की भीषणता का अनुमान आसानी से लगाया जा सकता था। लगभग 6 घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम तक आग पर काबू पाया जा सका, तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है परंतु लाखों रूपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

कबाड़ गोदाम से आग की लपटें बगल में हीरो शो रूम को भी अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि आग के फैलने की संभावना को देखते हुए प्रबंधन द्वारा तत्काल शो रूम को खाली करवाना प्रारंभ कर दिया गया था। सबसे पहले शो रूम में रखी नई दुपहिया गाडिय़ों को एक-एक कर बाहर निकाला गया तथा शो रूम के अन्य सामान व दस्तावेजों को भी वहां से हटवाया गया, परतुं इसी बीच गोदाम से बढ़ कर आग शो रूम के पिछे हिस्से में फैल गई थी जिससे वहां रखी सर्विसिंग के लिए आई गाडिय़ां जल कर खाक हो गई। हालांकि कितनी गाडिय़ां जली है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

शनिवार को भीषण गर्मी के साथ ही तेज हवा भी चल रही थी। इस वजह से आग की चिंगारी जहां उड़ कर गोदाम में गिरी वहीं तेज हवा से आग भडक़ उठी। इसके साथ ही कबाड़ गोदाम में पुराने टायरों के अलावा प्लास्टिक कुर्सियां, प्लास्टिक की बोतल व अन्य सामग्री के साथ ही कागज के ढेर पड़े थे। यही वजह है कि कागज व प्लास्टिक सामान होने के कारण आग तेजी से फैली और आग बुझााने में भी दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ कांच की बोतलों में मोबील भी था जिससे कांच की बोतल के फटने से मोबील सहित आग छिटककर दुसरी ओर फैल रही थी।

मुख्य मार्ग पर स्थित कबाड़ गोदाम में आग लगने के कारण रायगढ़ सारंगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिये थम गये थे जिससे सडक़ के दोनों ओर जाम लग गया था। वहीं पुलिस ने यातायात व्यवस्था को ठीक करते हुए अटल चौक से मार्ग परिवर्तित कर पुसौर रोड से वाहनों को आवागमन शुरू करवाया। वहीं कोड़ातराई से भी पुसौर की ओर मार्ग परिवर्तित कर रायगढ़ आने वाली वाहनों को औरदा मार्ग से भेजा गया।

कबाड़ गोदाम के साथ ही बाईक शो रूम में आग को फैलते देख पास ही घनी आबादी वाली बस्ती है जहां के रहवासियों को उनके मोहल्ले तक आग के बढऩे का खतरा लगने लगा था। हालांकि फायर ब्रिगेड की मदद से पिछे की ओर से भी अलग से आग बुझाने का कार्य किया जा रहा था जिससे बस्ती की ओर आग नहीं फैल पाई अन्यथा मौके से मात्र दो सौ मीटर दूर पर स्थित घनी आबादी वाले मोहल्ले में भी आग लगने से इनकार नहीं किया जा सकता था।

आग लगने की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस टीम के अलावा एसएसपी शशिमोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, तहसीलदार शिव डडसेना, नायब तहसीलदार आनुराधा पटेल, डीएसपी सुशांतो बनर्जी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व यातायात पुलिस मौके पर पहुंचे और उद्योगों से संपर्क कर फायर ब्रिगेड मंगवाते हुए आग बुझाने का प्रयास किये साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सम्हाला।

कबाड़ गोदाम में आग लगने की जानकारी मिलते ही आस पास के लोग वहां जमा हो गये तथा जिससे जैसा बन पड़ा वह आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने हर प्रकार से आग पर काबू पाने के लिए मदद की जिससे आग को अधिक बढऩे से रोका जा सका और एक बड़ी अनहोनी टल गई। वहीं भीषण गर्मी में आग बुझाने के लिए लगे अधिकारी व कर्मचारी सहित दमकलकर्मियों को भी पेयजल की सुविधा भी स्थानिय लोगों द्वारा उपलब्ध कराई गई।

भीषण आग पर काबू पाने के लिए सर्वप्रथम नगर सेना के दो दमकल पहुंचे, परंतु आग इतनी भयावह थी कि दो दमकल काफी नहीं थे। वहंी मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उद्योग प्रबंधनों से संपर्क कर उनकी फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिससे जिंदल, एनटीपीसी, अदानी सहित पड़ोसी जिले सारंगढ़ से भी फायर ब्रिगेड पहुंची और सभी दमकल के सहयोग से आग पर काबु पाया जा सका अन्यथा स्थिति और भयावह हो सकती थी।

आग काफी भीषण थी, तत्काल फायर ब्रिगेड से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। बाईक शो रूम से लगभग गाडिय़ों को बाहर निकाल लिया गया था। वहीं आग लगने के वास्तविक कारण एवं कितने का नुकसान हुआ है इस बात का खुलासा जांच के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल आग बुझाने को प्राथमिकता से लिया गया था, आगे जांच की जाएगी।