कोरबा ,23 मई 2026 (वेदांत समचार)। एसईसीएल ने अपनी CSR पहल के अंतर्गत कोरबा एवं सरगुजा जिलों में ‘नियोवॉर्म’ (NeoWarm) बेबी वार्मर का शुभारंभ किया। यह अभिनव गैर-विद्युत नवजात शिशु वार्मर विशेष रूप से समय से पूर्व जन्मे शिशुओं को सुरक्षित तापमान प्रदान करने एवं उन्हें निकटतम SNCU एवं NICU केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए विकसित किया गया है।
कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक उग्रनाथ झा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीमती के. जेवियर तथा प्रबंधक (सीएसआर) संपत गेलाम ने संयुक्त रूप से उत्पाद का शुभारंभ किया।

एसईसीएल द्वारा परियोजना के अंतर्गत कोरबा जिले के लिए 15,000 तथा सरगुजा जिले के लिए 2,000 नियोवॉर्म बेबी वार्मर जिला स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराए गए हैं। इनका वितरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को इसके प्रभावी उपयोग हेतु आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
नियोवॉर्म के उपयोग से समय से पूर्व जन्मे नवजात शिशुओं को परिवहन के दौरान आवश्यक गर्माहट एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे नवजात मृत्यु दर में कमी लाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

