नहर में गिरी बारातियों से भरी तेज रफ़्तार कार, 5 की मौत, 2 की हालत गंभीर

औरंगाबाद। झारखंड के औरंगाबाद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां बारातियों से भरी एक गाड़ी नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए नबीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार सुबह नवीनगर- जपला मुख्य मार्ग पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अकौनी गांव में हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग एक बारात से शामिल होकर वापस झारखंड लौट रहे थे। तभी ये हादसा हुआ। घटना के दौरान कार में सात लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि, रविवार की तड़के करीब 4 बजे के आसपास नवीनगर- जपला मुख्य पथ पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अकौनी गांव में कार अनियंत्रित होकर पास के नहर में पलट गई। कार ने पुल की दीवार को तोड़ दिया और हवा में उड़ते हुए 25 फीट नीचे नहर में जा गिरी। मृतकों में सारे लोग झारखंड के छतरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। छतरपुर से ही बारात औरंगाबाद के नवीनगर आई थी।