राहुल, प्रियंका या कोई और, चिंतन शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष के सवाल पर मिलेगा जवाब?

कांग्रेस नवसंकल्प चिंतन शिविर में देश के तमाम मुद्दों पर चर्चा चल रही है। इसके साथ ही पार्टी के अंदर से ही एक सवाल खड़ा हो रहा है कि अब कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा? बताया जाता है कि इसके लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। लेकिन पार्टी में अध्यक्ष को लेकर अब तक एक राय नहीं बन पा रही है। कुछ लोग राहुल गांधी तो कुछ प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की सिफारिश कर रहे हैं। वहीं गांधी परिवार के अलग भी किसी को अध्यक्ष बनाने की चर्चा शिविर में हो रही है।

सीनियर नेताओं का अध्यक्ष पद से इंकार


दरअसल चिंतन शिविर शुरू होने से पहले भी यह सवाल खड़ा हुआ था कि कांग्रेस में बदलाव होगा तो अध्यक्ष भी नया बनेगा। अब भी इस बात पर असमंजस बना हुआ है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी के कई बड़े नेताओं ने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया है। तमाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का फोकस गांधी परिवार पर ही है। अपने संबोधन में भी वे सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका का नाम ले रहे हैं। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों ने कहा-ध्यान भटकाने के लिए अध्यक्ष की चिंता


इस बीच पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी चिंतन शिविर में पार्टी अध्यक्ष को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। कुछ लोग दूसरी बातों से ध्यान भटकाने के लिए पार्टी अध्यक्ष के नामों के कयास लगा रहे हैं। सवाल पूछे जाने पर भी यही कहा गया है कि पार्टी में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। उसके हिसाब से ही पार्टी अध्यक्ष तय होगा। जिन छह विषयों पर कमेटियों का गठन किया गया है, उन्हीं मुद्दों पर चर्चा हुई है। इसमें प्रमुख रूप से इकोनॉमिक पॉलिसी, किसान, युवा व बेरोजगार, सोशल जस्टिस, पार्टी का संगठनात्मक ढांचा शामिल हैं। पैनल ने चर्चा कर प्रस्ताव तैयार किए हैं जिन पर रविवार को कांग्रेस कमेटी की ओर से मुहर लगाई जाएगी।