अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, धमतरी पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन – vedantsamachar.in

अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, धमतरी पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन

धमतरी 23 मई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का आज पुलिस लाईन रूद्री धमतरी में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया। धमतरी पुलिस द्वारा लगातार गंभीर अपराधों, संवेदनशील प्रकरणों एवं संगीन मामलों की निष्पक्ष, प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की जा रही है। मजबूत अनुसंधान, साक्ष्य आधारित कार्यवाही एवं प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप केवल वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की विवेचना के आधार पर 06 आरोपियों को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा भी प्राप्त हुई है। अब एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से विवेचना प्रणाली और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनेगी।

यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी l इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा, साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध और अधिक मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों हेतु एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। धमतरी जिले हेतु शासन द्वारा प्रदान की गई अत्याधुनिक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल द्वारा विधिवत धमतरी लाया गया। महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं सशक्त पुलिसिंग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य कर रही है।

उन्होंने अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्यवाही, प्रभावी विवेचना एवं साक्ष्य आधारित अनुसंधान में धमतरी पुलिस की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन जैसी अत्याधुनिक सुविधा से अपराधों की जांच और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा साथ ही धमतरी को यह सुविधा देने के लिए शासन का आभार व्यक्त किया l पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने हाल फ़िलहाल करीब दर्जन भर कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिए धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर जनता का विश्वास पुलिस पर बढ़ा है और आगे इस वैन से विवेचना को बल मिलेगा और पुलिस के हाथ मजबूत होंगे जिससे सज्जनों में विश्वास बढ़ेगा और दुर्जनों का संकट बढ़ेगा l पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाना आवश्यक है। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे विवेचना और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत बनेगी। इस FSL वैन से निश्चित रूप से दोषसिद्धि दर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।