कोरबा 23 मई 2026 (वेदांत वेदांत) : केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। ऑफिसर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में जवानों और उनके परिजन ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक तनाव को समझना और उससे प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर, हिप्नोथेरेपिस्ट, कॉरपोरेट ट्रेनर व लाइफ कोच डॉ. सचिन परब रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उप कमांडेंट प्रवेश पांडेय ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। सहायक कमांडेंट सुमन सिंह और ब्रह्माकुमारी टीम की सदस्य बहन कुमारी बिंदु भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी टीम ने सरल व प्रभावशाली तरीके से तनाव के कारणों, उसके प्रभाव और उसे नियंत्रित करने के उपायों की जानकारी दी। वक्ताओं ने मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और आत्मिक शांति प्राप्त करने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान प्रतिभागियों को प्राणायाम व ध्यान संबंधी अभ्यास भी कराए गए, जिन्हें वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में मौजूद जवानों व उनके परिवारजनों ने इसे प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर की ओर से ब्रह्माकुमारी टीम व मुख्य अतिथि के प्रति आभार जताया।

