IMD ने इन 5 राज्यों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली । देश में गर्मी रोज नए-नए रिकॉर्ड बना रही है। चिलचिलाती धूप से लोगों हाल बेहाल है। वे अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भी घर से निकलने की लिए कतरा रहे है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि तापमान में यही तेजी बरकरार रही तो आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ राज्यों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को राजस्थान (Rajasthan), दिल्ली (Delhi), हरियाणा (Haryana), उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) और ओडिशा (Odisha) सहित उत्तर पश्चिम भारत के 5 राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी (IMD) के वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि बुधवार को देश के कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए हमने राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जेनामणि ने आगे कहा कि मई के पहले हफ्ते के दौरान पश्चिमी विक्षोभ और बारिश की संभावना बढ़ सकती है। एक सुझाव में कहा गया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते 2 मई से उत्तर पश्चिम भारत के प्रभावित होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि 2 से 4 मई के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बिजली के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

वहीं आईएमडी ने अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में, साथ ही अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में हीटवेव की स्थिति की जानकारी दी है। फ़िलहाल तो लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे है।