तेजस्वी की सलाह पर भड़की कांग्रेस, कहा- अपने पास रखो, हम सोच लेंगे..

2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी केवल उन 200 सीटों पर लड़े जहां भारतीय जनता पार्टी से उसका सीधा मुकाबला है और अन्य सीटों पर मजबूत क्षेत्रीय दलों को लड़ने दे। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव की इस सलाह पर कांग्रेस पार्टी भड़क गई है। कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय संयोजक सरल पटेल ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को आपके सलाह की जरूरत नहीं है, इसे अपने पास रखें। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के लोग यह सोचने के लिए काफी है कि पार्टी को क्या करना चाहिए।
पटेल के ट्वीट पर आरजेडी के सोशल मीडिया संयोजक आकाश ने कहा, ”हां यह ठीक है। कांग्रेस यह सोचने में सक्षम है कि उसे क्या करना चाहिए कि वह चुनाव में नोटा के खिलाफ जंग लड़ रही है। यही घमंड इसे नोटा से कम पर ले आया है।” माना जा रहा है कि आरजेडी नेता का इशारा बोचहां विधानसभा सीट उपचुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन की ओर था, जिसमें बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी को जीत मिली है। आरजेडी नेता ने आगे लिखा, ”क्या आपकी बिहार पर कुछ तय करने की एक फीसदी क्षमता भी है या आप बेवजह ज्ञान दे रहे हैं।”

तेजस्वी यादव ने अगले लोकसभा चुनाव में बीजेपी से लड़ने के लिए विपक्षी एकता पर जोर देते हुए देते हुए सलाह दी है कि कांग्रेस पार्टी को 200 सीटों पर ही उम्मीदवार उतराना चाहिए और इसमें से कम से कम 50 फीसदी सीटें जीतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह जून 2019 से ही यह सलाह देते आ रहे हैं कि कांग्रेस केवल उन्हीं सीटों पर लड़े जहां बीजेपी से सीधी लड़ाई है और अन्य सीटों पर मजबूत क्षेत्रीय दलों को मौका दे, जो भगवा दल को हरा सकती हैं।