सूफियाना एहसासों से सराबोर ‘मुझ में तू’, उस्ताद ग़ुलाम अब्बास खान ने फिर जीता दिल रूहानी सुरों का जादू: ‘मुझ में तू’ के लॉन्च पर सजी संगीत जगत की भव्य महफिल
मुंबई : मुंबई के जुहू स्थित क्लब मिलेनियम में जब सूफियाना नग्मा “मुझ में तू” की गूंज फैली, तो पूरा माहौल रूहानी एहसासों से भर उठा। रामपुर सहसवान घराने के प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायक और संगीतकार उस्ताद ग़ुलाम अब्बास खान ने अपने नए सूफी गीत के जरिए एक बार फिर संगीत प्रेमियों के दिलों को छू लिया। इस खास मौके पर हरिहरन, अनूप जलोटा, अभिजीत भट्टाचार्य, जसपिंदर नारुला और दिलीप सेन सहित कई दिग्गज कलाकार मौजूद रहे।
रेड रिबन म्यूजिक के तहत रिलीज़ हुए इस गीत को अमित चंदेकर ने लिखा और कंपोज किया है। उस्ताद ग़ुलाम अब्बास खान के अनुसार, इस नग्मे की रूहानियत ने उन्हें पहली ही बार में प्रभावित कर दिया था। संगीत की समृद्ध परंपरा से जुड़े खान साहब ने अपने पिता पद्मश्री उस्ताद गुलाम सादिक खान से तालीम हासिल की, जबकि उनके ससुर पद्म विभूषण उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान भारतीय संगीत जगत के महान गुरुओं में गिने जाते हैं।
22 एल्बम और 100 से अधिक गीतों के साथ उस्ताद ग़ुलाम अब्बास खान हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत को दुनिया के करीब 30 देशों तक पहुंचा चुके हैं। “मुझ में तू” की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज़ के बाद यह गीत यूट्यूब पर 1 मिलियन व्यूज़ पार कर चुका है।

