भारत में वर्ष 2030 तक दस खरब डॉलर के सेवा और व्यापार निर्यात स्‍तर तक पहुंचने की क्षमता : पीयूष गोयल

नई दिल्ली। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत में वर्ष 2030 तक दस खरब डॉलर के सेवा और व्यापार निर्यात स्‍तर तक पहुंचने की क्षमता है। नई दिल्ली में लोक सेवा दिवस-2022 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्यात को भारत के विकास का आधार बनाने पर बल दिया।

देश भर के सिविल सेवा अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए श्री गोयल ने कहा कि यह वास्तव में लोक सेवकों के लिए राष्ट्र के प्रति समर्पण और सार्वजनिक सेवा के प्रति वचनबद्धता को दोहराने का अवसर है। कोविड महामारी से उत्पन्न चुनौतियों का उल्‍लेख करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत इस संकट को अवसर में बदलने में सफल रहा, जिससे भारत की दुनिया के समक्ष मजबूत स्थिति से खड़े होने की असीम क्षमता का पता चलता है।