रामनवमी पर कैसे दिखे रामलला? अयोध्या में लाखों श्रद्धालु बने जन्मोत्सव के साक्षी

राम मंदिर निर्माण के चलते अयोध्या इन दिनों खासी चर्चा में हैं। अभी राम मंदिर का निर्माण जारी है, लेकिन श्रद्धालुओं का यहां आकर रामलला के दर्शन करना जारी है। रामनवमी पर तो लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रभु राम के जन्मोत्सव के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचे थे। वैसे तो अयोध्या के सभी मंदिरों में रामलला का जन्म उत्सव मनाया गया लेकिन विशेष आकर्षण राम जन्मभूमि और कनक भवन में रहा। इन दोनों मंदिरों में दोपहर 12 बजते ही घंटा घड़ियाल और जय श्री राम का उद्घोष गूंज उठा जय श्रीराम के नारे गूंजने लगे। हर तरफ का माहौल राममई हो गया।

जैसे ही प्रभु श्री राम का प्राकट्य उत्सव हुआ प्रत्येक श्रद्धालु भाव विभोर होकर आल्हादित हो गया। सबसे खास नजारा कनक भवन में देखने को मिला। यहां सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु रामलला के जन्म उत्सव के उपलक्ष में नाच गा रहे थे। ढोल मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्रों के बीच महिला पुरुष युवा हर कोई थिरक रहा था। गजब का धार्मिक परिवेश देखने को मिला। जैसे ही 12 बजे कनक भवन में विराजमान भगवान के सामने से पुजारी ने पर्दा हटाया और फिर क्या था हर तरफ जय श्री राम जय श्री राम का उद्घोष सुनाई देने लगा। हर कोई रामलला का दर्शन करने को आतुर हो गया।

इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। भारी भीड़ के चलते पुलिस को नियंत्रित करने में भी समस्या आई फिर भी सब कुछ सकुशल निपट गया। उधर राम जन्मभूमि में भी इस बार विशेष उत्सव का आयोजन किया गया। रामलला के जन्म के बाद प्रसाद वितरित किया गया। रामलला को विशेष पोशाक पहनाई गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने रामनवमी के पर्व के मौके पर राम लला का दर्शन किया। राम नगरी में हर तरफ राम जन्मोत्सव का उल्लास छाया हुआ है।