कोरबा 21 मई 2026। शहर के आरएसएस नगर से होकर दादर खुर्द जाने वाली सडक़ बदहाली की चरम स्थिति में पहुंच चुकी है। सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे यह पहचान पाना मुश्किल हो जाता है कि यहां सडक़ है या गड्ढों का जाल। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता किसी खतरे से कम नहीं रह गया है, वहीं चारपहिया वाहन भी धीरे-धीरे और जोखिम उठाकर गुजरने को मजबूर हैं।
नागरिकों का कहना है कि सडक़ की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। कई बार शिकायतें और मांग उठने के बाद कुछ समय पहले संबंधित विभाग और नगर निगम की ओर से सडक़ सुधार एवं नवीनीकरण का आश्वासन दिया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही सडक़ की मरम्मत शुरू होगी, लेकिन अब तक कोई काम धरातल पर नजर नहीं आया है। रहवासियों का कहना है कि सडक़ पर बने गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है। स्कूली बच्चे, कर्मचारी और ग्रामीण रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक गंभीर पहल नहीं की गई है।
अब मानसून सीजन नजदीक आने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। कहा जा रहा है कि यदि बारिश शुरू होने से पहले सडक़ की मरम्मत नहीं कराई गई तो गड्ढों में पानी भर जाएगा और दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा। लोगों ने नगर निगम से कहा है कि राहत देने का विकल्प तय हो।

