बिलासपुर 21 मई 2026। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेखौफ अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में खड़े एक 12 चक्का ट्रक का लॉक तोड़कर भारी मात्रा में डीजल पार कर दिया और केबिन में सो रहा ड्राइवर तनिक भी भनक नहीं पा सका। जानकारी के मुताबिक, जगमल चौक निवासी संजय अग्रवाल की बेवरेज ट्रांसपोर्ट की गाड़ी (टाटा मॉडल 3118, क्रमांक सीजी 10 आर 1066) में बीते 18 मई को ही 294 लीटर डीजल भरवाया गया था।
इसके अगले दिन यानी 19 मई को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन में शराब (बीयर) की लोडिंग-अनलोडिंग का काम पूरा करने के बाद, ट्रक को कॉर्पोरेशन के गेट के सामने ही खड़ा कर दिया गया था, जहां चालक महावीर सोनी रात को गाड़ी के अंदर ही सो रहा था। सुबह करीब 6 बजे जब चालक की नींद खुली, तो वह यह देखकर दंग रह गया कि डीजल टंकी का लॉक टूटा हुआ था और उसमें मौजूद पूरा 294 लीटर डीजल गायब था; वहीं जमीन पर डीजल फैला होने के निशान साफ गवाही दे रहे थे कि रात में यहां बड़ी चोरी हुई है। जब इस घटना को लेकर आसपास पूछताछ और पड़ताल की गई, तो पता चला कि इसी तरह हूबहू एक और ट्रक को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया है, जिससे साफ अंदेशा लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में कोई शातिर डीजल चोर गिरोह सक्रिय है, जो रात में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

