यूआर महिलांगे ने राज्यसभा सदस्य के लिए छत्तीसगढ़ से की दावेदारी

कोरबा। कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन के लिए महती भूमिका निभाते आ रहे फर्टिलाइजर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड कोरबा डिवीजन के पूर्व अधिकारी यूआर महिलांगे पिता स्व. एमडी महिलांगे ने राज्यसभा सदस्य के लिए छत्तीसगढ़ के लिए अपनी प्रबल दावेदारी की है। वर्ष 2022 के राज्यसभा सदस्यों के चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (ई) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को यूआर महिलांगे ने आग्रह पत्र प्रेषित किया है।


अनुसूचित जाति वर्ग के यू.आर. महिलांगे ग्रामीण क्षेत्र के एक लघु किसान परिवार से वास्ता रखते हैं। समाज सेवा में गहरी रूचि होने के कारण स्वयं के समाज के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों, कर्मचारी संघों और ग्राम पंचायतों से अच्छे संबंध हंै। छात्र जीवन से आज पर्यन्त किसी न किसी रूप में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने एवं जन सामान्य के सर्वांगीण विकास के लिए तनमयता से प्रयासरत् हैं। वर्ष 1976 से सरकारी सेवा के अलावा विभिन्न सामाजिक तथा कर्मचारी संगठनों से जुड़कर कांग्रेस पार्टी की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन सामान्य तक पहुंचाने, उनके वास्तविक अधिकारों के लिए संघर्ष करने तथा पार्टी को मजबूती प्रदान करने में पूरी लगन व निष्ठा के साथ यथाशक्ति सहयोग करते आए हैं।


वर्तमान राजनैतिक विचारधारा की बदली हुई परिस्थिति में जनता की आकांक्षाओं में आमूलचूल परिवर्तन व उनकी भावनाओं को देखते हुये एक शिक्षित, संघर्षशील, ऊर्जावान व्यक्तित्व की आवश्यकता महसूस की जा रही है जिसके अनुरूप श्री महिलांगे ने खुद को योग्य उम्मीद्वार माना है। समाज तथा ग्रामीण क्षेत्र की जन भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुये सन् 1996 से लोकसभा/विधानसभा में प्रत्याशी हेतु आवेदन भी इनके द्वारा किया जाता रहा।

श्री महिलांगे ने राहुल गांधी को प्रेषित पत्र में आगामी 2022 में रिक्त होने वाले राज्यसभा सदस्य छत्तीसगढ़ से प्रत्याशी बनाने का आग्रह किया है। श्री महिलांगे ने विश्वास दिलाया है कि यदि उन्हें पार्टी प्रत्याशी बनाया जाता है तो अनुसूचित जाति, जनजाति, किसानों, सरकारी कर्मचारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का निश्चित रूप से सहयोग मिलेगा। परिणामस्वरूप कांग्रेस पार्टी की मजबूती सुनिश्चित होगी। श्री महिलांगे ने पूरी निष्ठा के साथ गांधी परिवार के प्रति वफादार एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (क) के लिए सदैव समर्पित रहने का भी भरोसा दिया है।